वो इस्लाम और मुसलमानों के लिए कुछ भी नहीं लिख सकते, क्योंकि लेखकों को भी अपनी जान की परवाह है ..एक लेखक का साक्षात्कार


सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन यहीं सच है। अभी हाल ही में मशहूर निर्माता-निर्देशक करन जौहर ने बयान दिया है कि देश में फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन एक मज़ाक बन कर रह गया है। हम उनकी बात से इत्तिफाक तो नहीं रखते लेकिन यह ज़रूर मानते हैं कि कुछ मामलों में फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन बिल्कुल भी लागू नहीं होता। जी हीं डंडे की मार और जान जाने के डर से कुछ क्षेत्रों में सारी 'फ्रीडम ऑफ स्पीच' की हवा निकल जाती है। और यह निषेध क्षेत्र है 'इस्लाम'।
यह हम नहीं कह रहे, यह कहना है एक लेखक का। मशहूर लेखक अजय कंसल जो धर्म की  उत्पत्ति  के ऊपर लिखी गई अपनी किताब "द इवॉल्यूशन ऑफ गॉड (The Evolution Of Gods- The scientific Origin of Divinity and Religion)" को लेकर चर्चा में हैं, और जिनकी किताब अमेज़न ई-बुक की बेस्टसेलर्स में से एक बनी हुई है, और जिसका हिन्दी अनुवाद "मनुष्य ने देवताओं को बनाया" विवादों और विरोध के चलते बाज़ार से वापस लिया जा चुका है..,  भी यह मानते हैं कि लेखकों के लिए इस्लाम के खिलाफ लिखना आसान नहीं हैं, क्योंकि लेखकों को भी अपनी जान प्यारी है। 

क्या कहती है 'द इवॉल्यूशन ऑफ गॉड्स"

हम आपको बता दें कि अजय कंसल ने अपनी किताब 'द इवॉल्यूशन ऑफ गॉड्स' में सिलसिलेवार ब्यौरा दिया है कि किस तरह इंसान ने अपने डर को नाम देने के लिए और उन सभी बातों को किसी की करनी बनाने के लिए जो कि उनकी समझ से परे थी, भगवान, धर्म और विभिन्न पूजा विधियों का अविष्कार किया। अजय कंसल ने अपनी किताब में जिक्र किया है कि किस तरह मनुष्य ने भगवान और उसके स्वरूप को गढ़ा। किताब में सभी धर्मों जैसे ईसाईं, हिन्दू, सिख, यहूदी, बौद्ध धर्म आदि की शुरूआत, विकास और वर्तमान स्वरूप के बारे में विस्तार से  चर्चा की गई है। नास्तिकों के लिए तोहफा समझी जाने वाली इस किताब में साफ लिखा है कि भगवान नहीं है बल्कि लोगों ने अपनी सुविधानुसार उन्हें गढ़ा है। 

अजय कंसल ने सभी धर्मों और उनकी कमियों के बारे में खुलकर लिखा है। उनकी किताब में यह भी कहा गया है कि हिन्दू धर्म के स्तंभ माने जाने वाले वेदों में कोई ज्ञान वगैरह की बातें नहीं बल्कि देवताओं की चापलूसी से भरे मंत्र हैं जिन्हें पुराने ज़माने में लोग अनदेखे देवताओं को खुश करने के लिए और अपनी संतुष्टि के लिए बोला करते थे। वो दावा करते हैं कि रामायण और महाभारत केवल कहानियां हैं जिन्हें महाकाव्य के रूप में लिखा गया है। राम और कृष्ण केवल इन कहानियों के नायक हैं ना कि भगवान। खास बात यह है कि सभी धर्मों के रूप और उसकी विसंगतियों पर बात करने वाली इस किताब में इस्लाम को केवल छूआ भर गया है। इसके बारे में या इसकी विसंगतियों के बारे में कोई बात नहीं की गई। इस किताब के विषय, लेखन आदि को लेकर हमने लेखक अजय कंसल से बात की। प्रस्तुत हैं उसके अंश-


-क्या वजह थी कि आपने धर्म और भगवान जैसे विषय को अपनी पहली किताब के लिए चुना?
  
कॉलेज के दिनों से मैं ओशो, रजनीश को काफी पढ़ता था। ये हमेशा कहते थे कि भगवान तुम्हारे अंदर है। इस विषय में दिलचस्पी तभी से शुरू हुई। फिर मैंने केरेन आर्मस्ट्रॉंग की मशहूर किताब 'हिस्ट्री ऑफ गॉड्स' पढ़ी। जिसके बाद मुझमें इस विषय को पढ़ने और इस पर लिखने की इच्छा जागी। अपने डॉक्टरी पेशे के दौरान भी मैंने बहुत से मरीजों को दुखी होते देखा, वो भगवान को मानते थे, सुखी रहने के लिए उनकी पूजा करते थे, तब भी दुखी रहते थे। उनको देखकर लगता था कि भगवान कहां है और अगर वो है तो उसका यह कैसा न्याय है। वो खुद को मानने वाले लोगों को इतने दुख कैसे दे सकता है। इस दौरान  कर्म, पुर्नजन्म, आत्मा जैसी कई अवधारणाओं के बारे में मेरी दिलचस्पी बढ़ने लगी। जैसे जैसे पढ़ता गया, समझ में आता गया कि यह सारी बातें लोगों ने खुद गढ़ी हैं। काफी किताबों में इनका ज़िक्र है लेकिन उनमें बहुत गरिष्ठ भाषा में यह सब लिखा गया है। इन सब बातों को एक साधारण आदमी की भाषा में समझाने के लिए  अौर अपनी सोच को शब्द देने के लिए मैंने इस पर किताब लिखने का निर्णय किया।  

-आपने कहा कि लोगों को दुखी होते देखकर आपके अंदर प्रश्न उठा कि भगवान निर्दोषों को सज़ा क्यों देता है, लेकिन गीता इसका जवाब देती है। गीता में लिखा है कि दुख-सुख आदि सब पूर्वजन्मों के कर्मों का फल है। 

इस सवाल के जवाब में मैं अपने एक नाटक का ज़िक्र करना चाहूंगा, जिसमें रामलाल नाम के एक शख्स को इतने दुख मिलते हैं कि वो परेशान होकर भगवान से लड़ने पहुंच जाता हैे। रामलाल, भगवान से पूछता है कि क्यों आप मुझे इतने दुख दे रहे हो जबकि मैंने कभी किसी का बुरा नहीं किया, आपको इतना मानता हूं। इस पर भगवान कहते हैं कि तेरे दुखों का कारण तेरा पिछला जन्म हैं। तू पिछले जन्म में जग्गा डाकू था और तूने बहुत से निरपराधों को मारा था इसलिए इस जन्म में तुझे दुख मिल रहा है। इस बात पर रामलाल भगवान से पूछता है कि जिस जग्गा ने इतने अपराध किए वो तो ऐश-ओ-आराम की ज़िंदगी भोग के 70 साल में मरा, उसको तो तुमने दंड दिया नहीं और अब मुझे उसका अगला जन्म बताकर सज़ा दे रहे हो, यह कैसा न्याय है तुम्हारा? और फिर मैं तो रामलाल हूं। मुझमें जग्गा डाकू का क्या है?
इस प्रश्न के जवाब में भगवान कहते हैं कि तुझमें जग्गा की आत्मा है इसलिए तू उसके किए का पाप भोग रहा है। अब रामलाल बिफर उठता है और गुस्सा होकर कहता है कि -  कैसी बात कर रहे हो भगवान, तुम्हीं कहते हो कि आत्मा अजर-अमर हैं, वो कोई पाप या पुण्य नहीं करती, जो करता है शरीर करता है। जग्गा डाकू का शरीर तो अब रहा नहीं, फिर तुम इस शरीर को कैसे उसके हिस्से का दंड दे सकते हों...? 
रामलाल की तरह यह सवाल हम सबको भी खुद से पूछने की ज़रूरत है। हम कैसे मान सकते हैं कि पूर्वजन्म के पापों के कारण हमें इस जन्म में सजा मिल रही है? सच तो यह है कि कर्मों और आत्मा की यह अवधारणा ही गलत है।

-अच्छा यह बताईए, आपने अपनी किताब में हिन्दु, सिख, ईसाईं, बौद्ध समेत लगभग सभी धर्मों की बात की है फ़िर इस्लाम के ऊपर कोई भी सवाल क्यों नहीं उठाया? आपने इस्लाम को क्यों छोड़ दिया?

भैया, मुसलमान अपने धर्म के बारे में कुछ भी सुनने या समझने को तैयार नहीं हैं, यह सभी जानते हैं। वो बहुत जल्दी इस्लाम के खिलाफ कुछ भी कहने वालों के दुश्मन बन जाते हैं। और मेरा मानना है कि भारत सरकार मुझे इस्लामिक लोगों के कोप से बचाने में समर्थ नहीं हैं। ऐसे में इस्लाम के बारे में लिखकर मैं अपनी जान के ऊपर आफत क्यों मोल लूं। मैंने इस्लाम के ऊपर भी एक चैप्टर लिखा था लेकिन बाद में उसे किताब से हटा दिया क्योंकि यह सभी जानते हैं कि और सभी धर्मों के लोग टॉलरेंट हैं, लेकिन इस्लाम को छूने पर भी जान मुश्किल में आ जाती है। उसके बारे में लिखकर अपने घर पर पत्थर थोड़े पड़वाने हैं। 

-मतलब आप यह मानते हैं कि इस्लाम में भी विसंगतिया हैं लेकिन मुस्लिमों के डर के कारण उसके बारे में आपने लिखा नहीं। 

बिल्कुल विसंगतियां तो सभी धर्मों में हैं, सभी धर्म और भगवान इंसान ने ही बनाए हैं। लेकिन अपनी जान की बाज़ी लगाकर लेखन करने का मेरा कोई इरादा नहीं। 

-आपने अपनी किताब में गणेश जी द्वारा दूध पीने की घटना का ज़िक्र किया है और इसे सोची समझी स्कीम के तहत की गई घटना करार दिया है। इस बारे में आपके तर्क मान भी लिए जाएं तो अभी भी ऐसी बहुत सी घटनाएं हैं जिनका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं हैं। उदाहरण के तौर पर ज्वाला जी में ज्वाला का जलना और अमरनाथ जी में हर साल बर्फ का शिवलिंग बनना आदि। 

इन दोनों ही घटनाओं के वैज्ञानिक आधार हैं, यह बात अलग हैं कि हिन्दु मान्यताओं और प्रोपेगेंडा के चलते वो आधार जनता तक पहुंचे नहीं हैं। और भी अन्य ऐसी बातें या चमत्कार अगर हैं भी तो सिर्फ इसलिए हीं वो भगवान की लीला नहीं बन जातीं क्योंकि विज्ञान उनका जवाब देने में असमर्थ है। विज्ञान का निरंतर विकास हो रहा है, आज नहीं तो कल बाकी सभी चमत्कारों का भी वैज्ञानिक आधार ज़रूर साबित होगा।  

-आपने लिखा है कि गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मत्र और अन्य सभी मंत्र दरअसल देवताओं की चापलूसी से भरी कविताएं हैं और उनकी प्रशंसा करके उन्हें खुश करने के लिए लिखे गए हैं, इसके अतिरिक्त उनका कोई महत्व नहीं है। जबकि योग करने वाले और बहुत से साउन्ड शोधकर्ता इन मंत्रों के मस्तिष्क पर  पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव को मानते हैं, सिद्ध कर चुके हैं, इस बारे में आप क्या कहेंगे? 

ऐसा कुछ भी नहीं है, यह सब बेकार की बाते हैं। यह सारी बातें व्यावहारिक कम और मनोवैज्ञानिक ज्यादा हैं। जब कोई योगा करते समय आपसे कहता है कि आप इस मंत्र को बोलकर शांत महसूस करेंगे तो आप पर मनोवैज्ञानिक असर होता है और आपको लगता है कि आप शांत महसूस कर रहे हैं जबकि हकीकत में ऐसा कुछ नहीं है। इनका ऐसा कोई शोध भी कहीं उपलब्ध नहीं हैं। यह सब प्रॉपेगेंडा है और कुछ नहीं। 

-आप रामायण और महाभारत को भी केवल कहानियां बताते हैं जबकि द्वारका नगरी के तो पुरातत्ववेत्ताओं को प्रमाण भी मिल चुके हैं।

जी हां, रामायण और महाभारत केवल कहानियां हैं, बड़ी कहानियां जिन्हें सामान्य भाषा में नॉवेल भी कहा जा सकता है। अगर इनका वाकई कोई प्रमाण होता तो यह माइथोलॉजी में नहीं बल्कि इतिहास में पढ़ाई जातीं। 

-आपकी किताब हिन्दू धर्म को बहुत से धर्मों का मिश्रण कहती है जबकि लोगों का मानना है कि हिन्दू धर्म सबसे प्राचीन धर्म हैं। 

जी नहीं, हिन्दू धर्म का वर्तमान स्वरूप बौद्ध धर्म से विकसित हुआ है। पुनर्जन्म, कर्म और कर्म के अनुसार फल मिलने की बातें भी सबसे पहले बुद्ध ने ही की थीं। हिन्दू धर्म धीरे-धीरे विकसित हुआ है। हमें जिस धर्म की जो बात अच्छी लगती गई, उसे हम अपनाते गए। जैसे पहले हिन्दू धर्म में बलि का प्रावधान था, लेकिन गौतम बुद्ध ने जब अहिंसा का संदेश दिया और वो धर्म तेज़ी से फैला तो हिंदु धर्म में इसी शिक्षा को अपना लिया गया। चूंकि बुद्ध इतने प्रभावशाली थे, उनकी शिक्षाओं का इतना असर था इसलिए हिन्दू धर्म ने उन्हें भी विष्णु का अवतार बताकर अपना लिया जबकि यह दोनों बिल्कुल अलग धर्म थे। बुद्ध ने कभी मूर्ति पूजा या मंदिरों को प्रोत्साहन नहीं दिया जबकि हिन्दू धर्म में मन्दिर बनाए जाते थे और मूर्ति पूजा होती थी। 

-आगे आपकी क्या योजनाएं हैं। और क्या लिखने वाले हैं? 

फिलहाल तो मैं एक रोमांटिक फिक्शन पर काम कर रहा हूं। यह आजकल के व्यावहारिक प्यार और प्यार करने वालों पर आधारित होगी। यह लगभग पूरी हो चुकी है, हिंदी अनुवाद भी तैयार है। इसका हिंदी नाम फिलहाल जो मैंने सोचा है वो है- झूठमेव जयते। अंग्रेजी नाम अभी फाइनल नहीं हुआ है, फिलहाल इसके लिए पब्लिशर्स से बात चल रही है।  आगे मैं आजकल के ढोंगी बाबाओं पर भी एक किताब लिखने के बारे में सोच रहा हूं।  

अपनी तरफ से कुछ कहना चाहेंगे। 
 मैं अपने पाठकों से बस यहीं कहना चाहूंगा कि किसी भी विषय को वर्जित समझकर नकारें नहीं बल्कि खुले दिमाग से उसके बारे में लिखी गई बातों को पढ़े, समझें और फिर किसी निष्कर्ष पर पहुंचे। दूसरों की कहीं हुई बातों पर नहीं बल्कि अपनी बौद्धिक और तार्किक क्षमता पर भरोसा रखिए। बाकी खुश रहिए, पढ़ते रहिए।   

आपके अगर लेखर अजय कंसल से कुछ सवाल हैं तो आप उनसे ट्विटर पर जुड़ सकते हैंं।  
https://twitter.com/Evolutionofgods 











Comments

Popular posts from this blog

सृष्टि से पहले सत् नहीं था, असत् भी नहीं, छिपा था क्या, कहां किसने ढका था....: ऋगवेद के सूक्तों का हिन्दी अनुवाद है यह अमर गीत

क्या आपने बन्ना-बन्नी, लांगुरिया और खेल के गीतों का मज़ा लिया है. लेडीज़ संगीत का मतलब केवल डीजे पर डांस करना नहीं है..

भुवाल रियासत के सन्यासी राजा की कहानी, जो मौत के 12 साल बाद फिर लौट आयाः भारत के इतिहास में जड़ा अद्भुत, अनोखा और रहस्यमयी सच